राजनगर:सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड के सोसो गांव की रहने वाली प्रियंका महतो ने अपनी शानदार शैक्षणिक उपलब्धि से क्षेत्र का मान बढ़ाया है.


कोल्हान विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में एमए अंग्रेजी की परीक्षा में विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने पर उन्हें गोल्ड मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.
मंगलवार को आयोजित दीक्षांत समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे. राज्यपाल ने अपने हाथों प्रियंका महतो को गोल्ड मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किया. विश्वविद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने की इस उपलब्धि से प्रियंका के परिवार के साथ-साथ सोसो गांव और पूरे राजनगर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है.
प्रियंका महतो के पिता प्रकाश चंद्र महतो सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में अपनी सेवा दे रहे हैं, जबकि उनकी माता विनोका देवी हैं. सीमित संसाधनों के बीच शिक्षा के प्रति निरंतर लगन और मेहनत के बल पर प्रियंका ने यह मुकाम हासिल किया है.
दीक्षांत समारोह से सम्मान लेकर गांव लौटने पर प्रियंका का ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया. गांव के मुंडा सहित अन्य ग्रामीणों ने पुष्पमाला पहनाकर उन्हें बधाई दी और उनकी सफलता पर खुशी जताई. ग्रामीणों ने कहा कि प्रियंका ने अपनी उपलब्धि से सोसो गांव के साथ पूरे राजनगर प्रखंड का नाम गौरवान्वित किया है.
प्रियंका की सफलता क्षेत्र की छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का संदेश है. गांव से निकलकर विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करना उनकी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास का परिणाम है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार और ग्रामीणों में गर्व की भावना है तथा लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
रिपोर्ट : रासबिहारी मंडल

