चाईबासा: जल, जंगल और जमीन आंदोलन के पुरोधा शहीद देवेंद्र माझी का शहादत दिवस आगामी 14 अक्टूबर को गोइलकेरा हाट मैदान में मनाया जाएगा. इस अवसर पर आयोजित होने वाली श्रद्धांजलि सभा की तैयारियों को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने गतिविधियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में मंगलवार को सोनुवा एवं गोइलकेरा स्थित वन विश्रामागार में झामुमो की प्रखंड कमेटियों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी मुख्य रूप से शामिल हुए.


बैठक के दौरान सबसे पहले 19 सितंबर को खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में आयोजित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम की समीक्षा की गई. विधायक जगत माझी ने कार्यक्रम की सफलता के लिए पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी.
इसके बाद 14 अक्टूबर को आयोजित होने वाली श्रद्धांजलि सभा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई. विधायक ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से श्रद्धांजलि सभा में अनुशासित तरीके से शामिल होने की अपील की. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में संभावित भीड़ को देखते हुए सभी जिम्मेदार पदाधिकारी और कार्यकर्ता सुबह आठ बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना सुनिश्चित करें.
विधायक ने कार्यकर्ताओं से शहीद देवेंद्र माझी के साथ आंदोलन में शामिल रहे बुजुर्गों और पुराने साथियों को भी श्रद्धांजलि सभा में लाने का प्रयास करने को कहा. उन्होंने कहा कि शहादत दिवस केवल श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर नहीं है, बल्कि यह शहीद देवेंद्र माझी के विचारों, संघर्ष और उनके योगदान को स्मरण करने का भी दिन है.
उन्होंने कहा कि पार्टी के जिस कार्यकर्ता या पदाधिकारी को जो जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, उसका पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया जाए. श्रद्धांजलि सभा को सफल बनाने के लिए आगे भी बैठकें आयोजित की जाएंगी और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा.
बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और पंचायत अध्यक्षों ने भी अपने सुझाव रखे. गोइलकेरा की बैठक में प्रखंड अध्यक्ष गणेश बोदरा, सचिव अघना कंडुलना, जिला उपाध्यक्ष अकबर खान, मुखिया उदय चेरेवा, सुखमती बानरा और हरीश बोदरा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.
वहीं, सोनुवा की बैठक में प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, डॉक्टर महतो, अजय किशोर दास, सोहन माझी, अमर सिंह चाकी, जानकी हेम्ब्रम, यदुपति प्रधान, संजय जामुदा, हरिनारायण दास, अमीन माझी, सुनील दास और रामप्रेस महतो सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.
रिपोर्ट : जयंत प्रमाणिक

