सरायकेला: झारखंड विधानसभा की प्राक्कलन समिति मंगलवार को चांडिल डैम पहुंची. समिति के सभापति हेमलाल मुर्मू के नेतृत्व में सदस्य नागेंद्र महतो, मथुरा प्रसाद महतो और सोमेश सोरेन ने डैम क्षेत्र का निरीक्षण किया. इस दौरान ईचागढ़ विधायक सविता महतो भी मौजूद रहीं.


चांडिल डैम पहुंचने पर समिति के सभापति और सदस्यों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया. समिति ने डैम क्षेत्र का निरीक्षण करने के साथ यहां संचालित मछली पालन से संबंधित जानकारी ली. सदस्यों ने डैम में बोटिंग भी की.
विस्थापितों ने समिति के सामने रखीं समस्याएं
इस दौरान चांडिल डैम के विस्थापितों की ओर से सरदीप नायक ने समिति के समक्ष विभिन्न समस्याओं को रखा. विस्थापितों ने पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (R&R) नीति के तहत मिलने वाली सुविधाओं का मुद्दा उठाया और कहा कि कई सुविधाएं अब तक उन्हें उपलब्ध नहीं हो सकी हैं.
विस्थापितों ने विशेष रूप से पुनर्वास स्थल पर आवंटित जमीन का पर्चा उपलब्ध कराने की मांग की. उनका कहना था कि जमीन से संबंधित दस्तावेज नहीं होने के कारण भविष्य में प्रमाण पत्र समेत अन्य आवश्यक दस्तावेज बनवाने में परेशानी हो सकती है.
हेमलाल मुर्मू ने ली विस्थापितों की स्थिति की जानकारी
समिति के सभापति हेमलाल मुर्मू ने कहा कि चांडिल डैम निर्माण से प्रभावित विस्थापितों की वर्तमान स्थिति और उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई है. विस्थापितों ने R&R पॉलिसी के तहत मिलने वाली कई सुविधाओं के लंबित होने की बात समिति के सामने रखी है. समिति ने इन विषयों को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों की जानकारी ली.

हेमलाल मुर्मू ने कहा कि झारखंड विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में चांडिल डैम क्षेत्र का भी विकास होगा. इस अवसर पर डीएफओ सबा आलम, डैम डिवीजन-2 के कार्यपालक अभियंता संजय सिंह, चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता, संबंधित वन अधिकारी, झामुमो केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, अर्जुन सिंह मुंडा समेत अन्य लोग उपस्थित थे.

