जामताड़ा: जामताड़ा के पूर्व विधायक स्वर्गीय विष्णु प्रसाद भैया की धर्मपत्नी एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा की वरिष्ठ नेत्री चमेली देवी मंगलवार को रांची पहुंचीं. उन्होंने राज्य की ग्रामीण विकास विभाग मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से मुलाकात कर उनकी पुत्री तृषा सिंह के असामयिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की. चमेली देवी ने मंत्री एवं उनके परिवार को इस अपूरणीय क्षति पर सांत्वना देते हुए कहा कि संतान को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. एक मां होने के नाते वह इस पीड़ा को समझती हैं. उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी दो बार इस बज्रपात को झेल चुकी हैं और उस कठिन समय में दीपिका पांडेय सिंह ने उन्हें सहारा देते हुए हौसला बढ़ाया था. उन्होंने कहा कि तृषा सिंह का असमय निधन पूरे परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है. दुख की इस घड़ी में जामताड़ा सहित पूरा झारखंड मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के साथ खड़ा है. चमेली देवी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.


मुलाकात के दौरान चमेली देवी ने मंत्री से परिवार की स्थिति की जानकारी ली और उन्हें हर संभव सहयोग एवं साथ का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में परिवार को अकेला नहीं महसूस होने दिया जाएगा.गौरतलब है कि तृषा सिंह का हाल ही में जमशेदपुर में हुए सड़क हादसे में निधन हो गया था. घटना के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा मंत्री दीपिका पांडेय सिंह एवं उनके परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की जा रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

