चाईबासा: सोनुआ के दीनदयाल शिशु/विद्या मंदिर, निश्चितपुर के वंदना सभागार में आगामी प्रांतीय फुटबॉल प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय शिक्षा प्रमुख सुभाष चंद्र दुबे ने की. इसमें विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों के साथ आचार्य-आचार्याओं ने हिस्सा लिया.


बैठक में प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए तथा आयोजन से जुड़ी अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं.
शिक्षा और संगठन के समन्वय पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए प्रांत शिक्षा प्रमुख सुभाष चंद्र दुबे ने शिक्षा के महत्व पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि शिक्षा सभी प्रकार के विकल्पों को आकार देती है. संगठन के विचार और उसकी कार्यशैली समाज को जोड़ने का काम करते हैं.
उन्होंने संगठन में समन्वय के साथ तीन प्रमुख तत्वों व्यवस्था, प्रभाव और परिणाम पर विशेष ध्यान देने की बात कही. साथ ही जनजातीय समाज को जोड़ने के लिए क्षेत्रीय कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया.
प्रतियोगिता के लिए संचालन समिति गठित
प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए संचालन समिति का गठन किया गया. इसमें निश्चितपुर संकुल के प्रधानाचार्य रविन्द्र सिंह, शिवचरण महतो, रमेश महतो, सानू सिंह, प्रदीप नायक, संकुल प्रमुख ब्रजेश कुमार, विद्यालय प्रबंधन समिति के नागेश्वर नायक, रानी बांदिया, अमित अंगरिया, संजीव कुमार कांडेयांग तथा जिला समिति के सचिव व्योमकेश गोप को शामिल किया गया.
विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए भी जिम्मेदारियां तय की गईं. कार्यक्रम एवं प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी ब्रजेश कुमार और मनोज भारती को दी गई. खेल व्यवस्था की जिम्मेदारी रमेश महतो और रोहित प्रधान को सौंपी गई.
आवास एवं प्रकाश व्यवस्था में रमेश महतो और सुलेखा महतो, भोजन एवं परिवेषण में अश्विनी दाश, बेबी महतो, सरिता प्रधान और ब्रजेश कुमार, जबकि मंच एवं सांस्कृतिक व्यवस्था में मनोज भारती, रोहित प्रधान और तारामनी हांसदा को जिम्मेदारी दी गई.
स्वास्थ्य एवं स्वच्छता की जिम्मेदारी विष्णु दास और निर्मला सतपथी को दी गई. आपूर्ति, कार्यालय एवं वंदना व्यवस्था में गोपेश प्रधान, सुजीत प्रधान और प्रीति प्रधान तथा अतिथि सत्कार की जिम्मेदारी निर्मला सतपथी और सुलेखा महतो को सौंपी गई.
उद्घाटन को भव्य बनाने की तैयारी
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रतियोगिता में शामिल प्रत्येक टीम को अभ्यास के लिए फुटबॉल उपलब्ध कराई जाएगी. उद्घाटन सत्र को भव्य बनाने के लिए मैदान में मशाल प्रज्वलित करने और रंगारंग आयोजन की तैयारी पर चर्चा हुई. मुख्य अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र और बुके देकर किया जाएगा.
सफल आयोजन के लिए सहयोग का आश्वासन
बैठक के दौरान जिला सचिव व्योमकेश ने प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया. वहीं विद्यालय के सचिव हरेश्वर महतो ने सभी से मिल-जुलकर कार्य करने की अपील की. उन्होंने कहा कि आपसी तालमेल से ही कार्यक्रम को सफल बनाया जा सकता है.
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य गंगाधर महतो, नवीन महतो समेत विद्यालय के आचार्य-आचार्या उपस्थित रहे. अंत में शुभकामना मंत्र के साथ बैठक का समापन हुआ.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

