
राजनगर: सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को राजनगर थाना क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस और राजनगर पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से विशेष जांच अभियान चलाया गया. यह अभियान डीवीसी के सामने मुख्य सड़क पर संचालित किया गया, जहां स्पीड गन की सहायता से वाहनों की रफ्तार की जांच की गई.


अभियान के दौरान निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार से वाहन चलाने वाले चालकों की पहचान की गई. ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि ओवरस्पीड में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध ऑटो चालान की कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी सख्ती जारी रहेगी.
इसके साथ ही नशे की हालत में वाहन चलाने वालों की पहचान के लिए ब्रेथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से ड्रिंक एंड ड्राइव टेस्ट भी किया गया. जांच के दौरान कई वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की. अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस तरह के विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे.
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार राजनगर से शुरू किया गया यह विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा. स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण लगाने और लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. उन्होंने इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल


