रांची: ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में बीती रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. अपराधियों ने मंदिर में तैनात सुरक्षा गार्ड की हत्या कर दानपेटी से नकदी लूट ली. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.

पुलिस जांच के दौरान मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों से अहम सुराग मिला है. फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति वारदात के समय मंदिर परिसर में घूमता हुआ नजर आया है. पुलिस को आशंका है कि यही व्यक्ति इस पूरी घटना का मुख्य आरोपी हो सकता है. तकनीकी टीम फुटेज को और स्पष्ट कर पहचान सुनिश्चित करने में जुटी है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मंदिर अंदर से बंद था, लेकिन पीछे चल रहे निर्माण कार्य के कारण वहां सीढ़ियां लगी हुई थीं. आशंका है कि आरोपी इन्हीं सीढ़ियों के सहारे दीवार फांदकर अंदर घुसा. अंदर घुसते ही उसने गार्ड पर हमला कर उसकी हत्या कर दी और इसके बाद दानपेटी तोड़कर नकदी लेकर फरार हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी राकेश रंजन मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों को सख्त निर्देश दिए हैं. फिलहाल पुलिस की अलग- अलग टीमें शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही हैं. अब तक 4 संदिग्धों को हिरासत में लेकर गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है. शुरुआती जांच में संकेत मिल रहे हैं कि इस वारदात को एक ही व्यक्ति ने अंजाम दिया हो सकता है.
एसएसपी राकेश रंजन ने कहा है कि पुलिस के पास कई अहम सुराग हैं और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई जा रही है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस हत्याकांड और लूट की गुत्थी सुलझाकर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

