जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. शुक्रवार को वार्ड संख्या 3 से शहरी सहिया चयन प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत की गई. आम बागान स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित आमसभा में स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे चयन प्रक्रिया पारदर्शी और सहभागितापूर्ण माहौल में संपन्न हुई. कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

चयन प्रक्रिया में दो अभ्यर्थियों शोभा कुमारी और सुप्रिया मंडल ने भाग लिया. दोनों के दस्तावेजों की गहन जांच और मूल्यांकन के बाद सभी मानकों पर खरा उतरने वाली शोभा कुमारी को वार्ड संख्या 3 की शहरी सहिया के रूप में चयनित किया गया.
मौके पर मौजूद चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सत्यनारायण ने बताया कि मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में कुल 18 और जामताड़ा नगर पंचायत क्षेत्र में 12 शहरी सहिया का चयन किया जाना है. यह पूरी प्रक्रिया 30 मई 2026 तक विभिन्न वार्डों में चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी. उन्होंने कहा कि शहरी सहिया जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं. इनके माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण और स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा.
वार्ड 3 से इस प्रक्रिया की शुरुआत के साथ ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल है. स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि योग्य सहियाओं के चयन से स्वास्थ्य सेवाओं में सकारात्मक बदलाव आएगा.

