सरायकेला/ Pramod Singh बढ़ती अफवाहों और भीड़ हिंसा की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में गांव- गांव में जागरूकता पोस्टर लगाकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है.

पोस्टर के माध्यम से साफ तौर पर बताया गया है कि बच्चा चोरी जैसी अफवाहों पर बिना जांच भरोसा करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. हाल के दिनों में ऐसी अफवाहों के कारण कई निर्दोष लोगों के साथ मारपीट और हिंसक घटनाएं सामने आई हैं, जिसे पुलिस ने गंभीर चिंता का विषय बताया है.
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना किसी ठोस सबूत के किसी व्यक्ति को दोषी ठहराना कानूनन अपराध है. साथ ही भीड़ बनाकर किसी पर हमला करना भी दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी.

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आती है तो तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें. इसके अलावा सोशल मीडिया या मौखिक रूप से फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें आगे बढ़ाएं.
यह अभियान पोस्टर और जनजागरूकता के माध्यम से चलाया जा रहा है, ताकि हर व्यक्ति तक यह संदेश पहुंचे और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे. पुलिस का संदेश साफ है. सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और अफवाहों से दूर रहें.

