रामगढ़: दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर 4 अगस्त को रामगढ़ जिले के बरलंगा स्थित नेमरा गांव में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस अवसर पर 40 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करेंगे. कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है.



मंगलवार को रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने नेमरा के लुकैया टांड़ स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा, यातायात, मंच व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की.
पुण्यतिथि कार्यक्रम के अवसर पर विकास मेला सह पारितोषिक वितरण कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा. निरीक्षण के बाद उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया.
सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे क्षेत्र को जोन-1, जोन-2, जोन-3 और जोन-4 में विभाजित किया गया है. पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि चुटूपालू घाटी से लेकर नेमरा गांव तक मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. वहीं गोला डीवीसी चौक से नेमरा के बीच पड़ने वाले सभी प्रमुख मार्गों और फाटकों को सुचारु एवं बाधारहित रखने के निर्देश दिए गए हैं.
कार्यक्रम में दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए उनकी पत्नी रूपी सोरेन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बसंत सोरेन, कल्पना सोरेन सहित परिवार के अन्य सदस्य पारंपरिक सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ शामिल होंगे. श्रद्धांजलि कार्यक्रम को लेकर समाधि स्थल नाड़ी दरहा, नेमरा तक सड़क का भी निर्माण कराया गया है.





