रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) भर्ती अनियमितता मामले की जांच लगातार तेज होती जा रही है. इसी क्रम में सोमवार को JPSC के पूर्व चेयरमैन से सीआईडी मुख्यालय में करीब सात घंटे तक गहन पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान जांच अधिकारियों ने भर्ती प्रक्रिया, चयन संबंधी निर्णय, परीक्षा संचालन और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से सवाल-जवाब किए.


सूत्रों के अनुसार. सीआईडी की टीम ने पूर्व चेयरमैन से भर्ती प्रक्रिया से जुड़े कई दस्तावेजों और निर्णयों के संबंध में जानकारी ली. साथ ही चयन प्रक्रिया में अपनाई गई कार्यप्रणाली और विभिन्न स्तरों पर हुई प्रक्रियाओं के बारे में भी स्पष्टीकरण मांगा गया.
बताया जा रहा है कि सीआईडी इस मामले में पहले से गिरफ्तार आरोपियों, जब्त दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ में सामने आए तथ्यों का मिलान कर रही है. इसी आधार पर जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है.
सीआईडी अधिकारियों का कहना है कि JPSC भर्ती अनियमितता मामले में वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच जारी है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

