खूंटी: झारखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. रांची- खूंटी मुख्य मार्ग पर लावारिस खड़ी एक पिकअप वैन से करीब 80 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है. बरामदगी के बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है.



मिली जानकारी के अनुसार. कालामाटी क्षेत्र स्थित हिरण पार्क के समीप पुराने कुटे पुल वाली सड़क के पास मुख्य मार्ग से सटी एक पिकअप वैन पिछले चार से पांच दिनों से लावारिस अवस्था में खड़ी थी. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की तलाशी ली.
तलाशी के दौरान पुलिस को पुराने टायर और टायर के टुकड़ों के नीचे छिपाकर रखे गए 40 पैकेट मिले. पैकेट खोलने पर प्रत्येक में लगभग दो-दो किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. इस प्रकार कुल करीब 80 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया.
पुलिस ने पिकअप वाहन और बरामद गांजे को जब्त कर लिया है. मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. साथ ही वाहन के स्वामित्व, गांजे के स्रोत और तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तस्करों की पहचान करने में जुटी है.





