रामगढ़: जिले के सीसीएल अरगड्डा क्षेत्र अंतर्गत गिद्दी सी एवं रैलीगढ़ा में शनिवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया. दो वाहनों में सवार होकर पहुंची सीबीआई की टीम ने सीसीएल और लोकल सेल से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर कार्रवाई शुरू की.

प्राप्त जानकारी के अनुसार सीबीआई अधिकारियों ने गिद्दी कांटा घर में पदस्थापित कांटा बाबू परशुराम चौधरी, रैलीगढ़ा निवासी रामासिस कुमार, क्लर्क जितेंद्र तथा लंकेश को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. टीम इन सभी से कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में पूछताछ कर रही है.
छापेमारी के दौरान सीबीआई अधिकारियों ने कई दस्तावेजों और अभिलेखों की भी जांच की. सूत्रों के अनुसार कार्रवाई का केंद्र बिंदु सीसीएल और लोकल सेल से संबंधित कार्यों में कथित अनियमितताओं की जांच है. हालांकि सीबीआई की ओर से अभी तक मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

बताया जा रहा है कि सीबीआई की टीम फिलहाल गिद्दी सी परियोजना पदाधिकारी कार्यालय में मौजूद है और परियोजना पदाधिकारी (पीओ) से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटा रही है. टीम द्वारा आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन और संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है.
अचानक हुई इस कार्रवाई से सीसीएल क्षेत्र में चर्चा का माहौल है. कर्मचारी और स्थानीय लोग पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं. मामले की जांच जारी है और सीबीआई की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है.



