चांडिल: ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने शुक्रवार को महाषष्ठी के अवसर पर चांडिल और नीमडीह प्रखंड के पांच दुर्गा पूजा पंडालों का विधिवत उद्घाटन किया. उन्होंने फीता काटकर पंडालों का उद्घाटन किया, जिसके बाद श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मां दुर्गा का पट खोल दिया गया.


विधायक ने चांडिल प्रखंड के फोदलोंगोड़ा, आसनबनी और कदमडीह तथा नीमडीह प्रखंड के चालियामा के दो पूजा पंडालों का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने दुर्गा मंडपों में माथा टेककर मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की.
‘शक्ति की उपासना का प्रतीक है दुर्गा पूजा’
विधायक सविता महतो ने श्रद्धालुओं को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शारदीय नवरात्र में देवी के नौ रूपों की आराधना की जाती है. मां दुर्गा की उपासना से ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मक शक्ति प्राप्त होती है. उन्होंने कहा कि मां दुर्गा नारी शक्ति की प्रतीक हैं और उनकी आराधना बुराई पर अच्छाई की जीत तथा अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा देती है.
उन्होंने लोगों से दुर्गा पूजा का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की. इस दौरान पारडीह काली मंदिर के महंत विद्यानंद सरस्वती, झामुमो केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक, काबलु महतो, दिलीप महतो, प्रोबोध उरांव, शंकर मंडल, टिंकूराम महतो, राहुल वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे.

