सरायकेला: सरायकेला के हंसाहुड़ी में दुर्गोत्सव की रौनक के बीच श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी के पूजा पंडाल का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया गया. इस अवसर पर सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और धार्मिक आस्था का उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला. भाजपा नेता सुमित चौधरी, समाजसेवी जलेश कवि, सुधीर चंद्र दास, अरविंद कवि, संजीव दास और प्रमोद होता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर पंडाल का उद्घाटन किया.


कार्यक्रम में कमिटी के अध्यक्ष अविनाश कवि सहित कमिटी के सभी सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे. उद्घाटन के साथ ही क्षेत्र में दुर्गापूजा का उत्साह और बढ़ गया. आयोजन को सफल बनाने में कमिटी के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही.
इस अवसर पर भाजपा नेता सुमित चौधरी ने कहा कि दुर्गापूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है. ऐसे आयोजन लोगों को आपस में जोड़ने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का काम करते हैं. उन्होंने कमिटी के सभी सदस्यों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए मां दुर्गा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.
समाजसेवी जलेश कवि ने कहा कि दुर्गापूजा हमारी समृद्ध परंपरा और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है. ऐसे आयोजन समाज के हर वर्ग को एक मंच पर लाते हैं और आपसी प्रेम, सहयोग तथा भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं. उन्होंने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी है, जब सभी लोग मिल-जुलकर उत्सव मनाए.
कमिटी के अध्यक्ष अविनाश कवि ने उद्घाटन समारोह में शामिल हुए सभी गणमान्य अतिथियों, समाजसेवियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि कमिटी के सभी सक्रिय सदस्यों के सहयोग और सामूहिक प्रयास से पूजा की तैयारियों को आगे बढ़ाया जा रहा है. उन्होंने क्षेत्रवासियों से दुर्गापूजा को आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की.
हंसाहुड़ी में आयोजित इस उद्घाटन समारोह ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया. कार्यक्रम में कमिटी के सदस्यों की सक्रिय उपस्थिति रही और सभी ने मिलकर दुर्गोत्सव को सफल बनाने का संकल्प लिया.
प्रमोद सिंह (संपादक)

