जामताड़ा: कुंडहित थाना क्षेत्र के पुरातन बैंक मोड़ के समीप शुक्रवार दोपहर एक अधेड़ व्यक्ति का शव पलाश के पेड़ से लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही कुंडहित पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.


मृतक की पहचान सुद्राक्षीपुर पंचायत अंतर्गत जोकपहाड़ी गांव निवासी निवारण मुर्मू के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, कुंडहित पुरातन बैंक मोड़ के सामने मुन्ना सिंह की दुकान के पीछे स्थित पलाश के पेड़ से करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव लटका हुआ था.
बताया जाता है कि संबंधित स्थान कुंडहित-राजनगर मुख्य सड़क से लगभग 100 मीटर की दूरी पर है. स्थानीय लोगों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी, जिसके बाद इसकी सूचना कुंडहित थाना को दी गई. सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू की. घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

