रामगढ़: जिले में अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से रामगढ़ पुलिस द्वारा संचालित “प्रहरी” अभियान के तहत सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में विशेष पैदल गश्ती अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य नशाखोरी, अड्डेबाजी, छेड़खानी, सड़क किनारे अवैध पार्किंग तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है.

अभियान के दौरान प्रतिदिन पुलिस पदाधिकारी एवं जवान ने अपने- अपने क्षेत्रों के संवेदनशील स्थानों, प्रमुख सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पैदल गश्त करते देखे जा रहे हैं. इस दौरान लोगों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दी जा रही है. साथ ही कानून- व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की जा रही है.

पुलिस टीम कई स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी भी देती नजर आ रही है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर अव्यवस्था फैलाने, नशाखोरी करने या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
रामगढ़ पुलिस के अनुसार “प्रहरी” पहल का मुख्य उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और पुलिस एवं जनता के बीच बेहतर विश्वास तथा समन्वय स्थापित करना भी है. इसी सोच के तहत पुलिस लगातार लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनने और समाधान का प्रयास कर रही है.

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून- व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे. पुलिस ने आम नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके.



