चांडिल: प्रखंड के आसनबनी पंचायत के फदलोगोड़ा स्थित कालिका नगर में शुक्रवार को सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन भाजपा नेता हरेलाल महतो ने किया. इस अवसर पर उन्होंने मां दुर्गा के समक्ष माथा टेककर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की.


हरेलाल महतो ने लोगों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा हमारी आस्था एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं. मां दुर्गा की आराधना बुराई पर अच्छाई और अन्याय पर न्याय की विजय का संदेश देती है.

उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने का भी अवसर है. उन्होंने लोगों से एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की.
महासप्तमी पर निकलेगी कलश यात्रा
पूजा कमेटी के संरक्षक एवं जूना अखाड़ा के महंत विद्यानंद सरस्वती ने बताया कि शनिवार को महासप्तमी के अवसर पर कलश यात्रा निकाली जाएगी. इसके बाद विधि-विधान से कलश स्थापना और मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना की जाएगी.
उन्होंने बताया कि महासप्तमी, महाष्टमी और महानवमी की रात धार्मिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. पूजा कमेटी की ओर से पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ दुर्गोत्सव मनाने की तैयारी की गई है.
इस अवसर पर महंत विद्यानंद सरस्वती, ईचागढ़ के पूर्व प्रत्याशी मस्तान सिंह, महंत मेघानन्द सरस्वती, महंत इंद्रानंद सरस्वती, ग्राम प्रधान प्रबोध उरांव, शंकर मंडल, प्रदीप गिरी, लक्ष्मीकांत महतो सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
इसके अलावा हरेलाल महतो ने चांडिल प्रखंड के मानीकुई पुनर्वास कॉलोनी में भी दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन कर श्रद्धालुओं को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं.

