चाईबासा/सोनुआ: प्रखंड क्षेत्र की जेएसएलपीएस संघ से जुड़ी कैडर दीदियों ने गुरुवार को अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर प्रखंड कार्यालय एवं जेएसएलपीएस कार्यालय में ज्ञापन सौंपा. कैडर दीदियों ने वर्षों से सेवा देने के बावजूद उचित मानदेय नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल करने की मांग की.


ज्ञापन के माध्यम से कैडर कर्मियों ने कहा कि वे गांव और पंचायत स्तर पर कई वर्षों से पूरी निष्ठा के साथ सरकारी एवं गैर-सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. इसके बावजूद उनके मानदेय में सम्मानजनक बढ़ोतरी नहीं की गई है. कर्मियों ने सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द निर्णय लेने की मांग की.
कैडर दीदियों की प्रमुख मांगों में मानदेय में दोगुनी बढ़ोतरी करते हुए कुशल कैडर का मानदेय कम से कम 800 रुपये प्रतिदिन और अकुशल कैडर का मानदेय 400 रुपये प्रतिदिन करने की मांग शामिल है. इसके अलावा प्रत्येक माह की 10 तारीख तक मानदेय का भुगतान सीधे कर्मियों के व्यक्तिगत बैंक खातों में सुनिश्चित करने की मांग की गई है.
कर्मियों ने कार्यस्थल की दूरी के अनुसार यात्रा भत्ता देने तथा दैनिक कार्यों के लिए मोबाइल खर्च अलग से उपलब्ध कराने की भी मांग रखी. इसके साथ ही सभी कैडर कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा के तहत 20 लाख रुपये का बीमा लाभ देने और अन्य कर्मियों की तरह जेएसएलपीएस कैडर दीदियों को भी सरकारी अवकाश का लाभ देने की मांग की गई.
कैडर कर्मियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर उचित एवं संतोषजनक निर्णय नहीं लिया जाता है, तब तक वे अपने निर्धारित एवं अन्य कार्यों को पूरा करने में असमर्थ रहेंगी.
ज्ञापन सौंपने के दौरान गुनामणि नायक, रीता प्रधान, तारामणि नायक, देवी प्रधान, बिमला गोप, सुष्मिता नायक, सुजीत महतो, राजेश्वरी नायक, इन्दुमती प्रधान, टुनी नायक, सुभाषिनी महतो, गीता महतो, भामा महतो, भवानी महतो, उमा गोप समेत विभिन्न पंचायतों की जेएसएलपीएस कैडर एवं संघ से जुड़ी दीदियां उपस्थित थीं.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

