
राजनगर: पोटका क्षेत्र के हेंसल गांव निवासी रोहित गोप आखिरकार जिंदगी की जंग हार गए. करीब एक महीने पहले सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए रोहित गोप की 15 जून की रात ओडिशा के कटक स्थित अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.


जानकारी के अनुसार 14 मई 2026 को पोटका थाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन ने रोहित गोप को टक्कर मार दी थी. हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई थी. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल, जमशेदपुर भेजा गया था. कई दिनों तक आईसीयू में इलाज चलने के बाद उन्हें कटक रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.
मंगलवार शाम जब रोहित गोप का पार्थिव शरीर हेंसल गांव पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया. अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचे. इसके बाद सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया.
रोहित गोप परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे. अपने पीछे वे पत्नी, दो छोटे बच्चों और वृद्ध माता-पिता को छोड़ गए हैं. बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा, आर्थिक सहायता और बच्चों की शिक्षा के लिए विशेष सहयोग देने की मांग की है.
रोहित गोप की मौत ने पूरे गांव को गहरे दुख में डुबो दिया है. ग्रामीणों का कहना है कि एक सड़क हादसे ने परिवार का सहारा छीन लिया और अब परिवार के सामने जीवनयापन का बड़ा संकट खड़ा हो गया है.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल


