सरायकेला/ Pramod Singh टाउन हॉल सभागार में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष प्रेम अग्रवाल द्वारा नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नवीन प्रकाश सहित सरायकेला नगर पंचायत के 11 वार्ड पार्षदों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने व्यापारी वर्ग की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि व्यापारी केवल व्यवसाय तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज के हर सुख- दु:ख में अग्रणी भूमिका निभाता है. उन्होंने कहा कि व्यापारी अपने परिवार से पहले समाज और ग्राहकों की सेवा को प्राथमिकता देता है.

उन्होंने कहा कि बढ़ती प्रतिस्पर्धा और आर्थिक दबाव के बावजूद व्यापारी वर्ग ईमानदारी और समर्पण के साथ लोगों की जरूरतों को पूरा कर रहा है. एक व्यापारी सुबह से रात तक मेहनत करता है ताकि समाज को आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध हो सकें.
मनोज चौधरी ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास में व्यापारियों की भूमिका अहम होती है और स्थानीय बाजारों की मजबूती ही आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाती है. उन्होंने कोविड काल समेत हर परिस्थिति में व्यापारियों द्वारा किए गए सहयोग की सराहना की.
कार्यक्रम में नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, वार्ड पार्षद उत्तम मोहंती, ज्योति साहू, सुषमा तियु, गौतम नायक, बबीता कामिला, अंजली राय सहित चैंबर के अनिल अग्रवाल, प्रेमचंद अग्रवाल, रितु साहू समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे.
समारोह के अंत में चैंबर ऑफ कॉमर्स की इस पहल की सराहना करते हुए कहा गया कि इससे जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा, जो क्षेत्र के विकास में नई दिशा देगा.

