चांडिल/ Vikash Thakur अनुमंडल क्षेत्र में प्रशासनिक ढांचे में बदलाव करते हुए नीमडीह अंचल के अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी को कुकड़ू अंचल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. यह निर्णय जिला दंडाधिकारी- सह- उपायुक्त कार्यालय द्वारा प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. जारी आदेश के अनुसार, अगली सूचना तक अभय कुमार द्विवेदी कुकड़ू अंचल के अंचल अधिकारी का दायित्व भी संभालते रहेंगे.

उन्हें झारखंड कोषागार संहिता 2016 के प्रावधानों के तहत यह जिम्मेदारी दी गई है, जिसके अंतर्गत वे अंचल में प्रशासनिक और राजस्व से जुड़े कार्यों का निष्पादन करेंगे. गुरुवार को अभय कुमार द्विवेदी ने औपचारिक रूप से कुकड़ू अंचल का प्रभार ग्रहण कर लिया. इस दौरान उन्होंने कहा कि वे नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाएंगे.
बताया गया है कि इससे पहले कुकड़ू अंचल का प्रभार प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्री ललिता बाखला के पास था. नए आदेश के साथ ही यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है.

