सरायकेला/ Pramod Singh संत फ्रांसिस डि-सेल्स स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पदग्रहण समारोह शुक्रवार को उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में नेतृत्व क्षमता विकसित करना और विद्यालय संचालन में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा.

समारोह में नगर पंचायत के चेयरमैन मनोज कुमार चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए. उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इसके बाद छात्राओं ने मनमोहक नृत्य और ईश- वंदना प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया.
विद्यालय के प्राचार्य फादर एल्विन जोसफ ने मुख्य अतिथि का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं शॉल देकर किया. पदग्रहण समारोह के दौरान पूर्व पदाधारियों ने अपने दायित्व नव-निर्वाचित छात्रों को सौंपे. मुख्य अतिथि मनोज चौधरी, प्राचार्य फादर एल्विन जोसफ और उप-प्राचार्य फादर रमेश ने संयुक्त रूप से नए पदाधारियों को सैश पहनाकर जिम्मेदारियां सौंपीं.
छात्रों को संबोधित करते हुए मनोज चौधरी ने कहा कि नेतृत्व का मतलब केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में सही निर्णय लेकर दूसरों का मार्गदर्शन करना है. उन्होंने ट्रैफिक सिग्नल का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे लाल, पीला और हरा सिग्नल परिस्थितियों के अनुसार दिशा दिखाते हैं, वैसे ही छात्र नेता भी सही समय पर सही निर्णय लेकर अपने साथियों को दिशा दें.
उन्होंने छात्रों को अनुशासन, मेहनत और अच्छे चरित्र के साथ शिक्षा ग्रहण करने की सलाह दी, ताकि वे भविष्य में समाज और राष्ट्र के लिए आदर्श बन सकें. समारोह में पूर्व एवं वर्तमान पदाधारियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए. इस बार छात्र प्रतिनिधियों का चयन कंप्यूटर आधारित मतदान प्रक्रिया से किया गया, जिसे पारदर्शिता और आधुनिकता की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है.
नव-निर्वाचित पदाधारियों में हेड बॉय विनीत उरांव, हेड गर्ल आरती अन्वेशा, वाइस हेड गर्ल कनक प्रभा, वाइस हेड बॉय सुवेश दाश, जूनियर हेड बॉय प्रितम कुमार मंडल और जूनियर हेड गर्ल प्रियांशी चौरसिया शामिल हैं. अंत में प्राचार्य फादर एल्विन जोसफ ने सभी नवनिर्वाचित पदाधारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

