सरायकेला: उत्कलिय पुरोहित समाज द्वारा मांजना घाट शिव मंदिर परिसर में नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में समाज के अध्यक्ष घासी राम सतपति एवं नीलकंठ सारंगी ने अंग वस्त्र और श्रीफल देकर उनका अभिनंदन किया.

इस अवसर पर मनोज चौधरी ने कहा कि यह सम्मान नहीं बल्कि पुरोहित समाज का आशीर्वाद है. उन्होंने कहा कि इस आशीर्वाद से वे जनता के कार्य को और अधिक ऊर्जा और समर्पण के साथ करेंगे. उन्होंने विप्र समाज को वंदनीय बताते हुए कहा कि आगे भी सभी समाजों के साथ पुरोहित समाज के उत्थान के लिए तत्पर रहेंगे.
समाज के सदस्यों ने भी कोरोना काल से लेकर अब तक किए गए कार्यों के लिए मनोज चौधरी का आभार व्यक्त किया. साथ ही संस्था के रजिस्ट्रेशन समेत अन्य समस्याओं से उन्हें अवगत कराया.
कार्यक्रम के दौरान पुलक सतपथी को समाज का उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया. इस अवसर पर समाज के कई सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

