
आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित आदित्यपुर टोल प्लाजा के समीप रविवार दोपहर करीब 2:55 बजे एक डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट और छिनतई की घटना सामने आई है. हालांकि छिनताई की पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से टोल प्लाजा पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.


जानकारी के अनुसार ब्लैंकेट कंपनी के डिलीवरी बॉय कुश टुडू को दो वाहनों पर सवार तीन युवकों ने टोल प्लाजा के पास रोक लिया. आरोप है कि युवकों ने उससे पैसे की मांग की. विरोध करने पर स्कूटी सवार दो युवकों और बिना नंबर प्लेट वाली एक बाइक पर सवार युवक ने मिलकर उसके साथ जमकर मारपीट की और छिनतई का प्रयास किया. घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए. हालांकि भागते समय एक वाहन का नंबर JH05DL-4479 स्थानीय लोगों ने नोट कर लिया.
मारपीट की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में डिलीवरी बॉय भी मौके पर पहुंच गए. इस मामले पर पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आयी है.
Video
फिलहाल आदित्यपुर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.





