चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कांड्रा- चांडिल रेलखंड पर चलती ट्रेन से गिरकर कपाली का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है. घायल युवक की पहचान कलीम अंसारी के रूप में हुई है, जो हाशमी मोहल्ला निवासी मोहम्मद अली अंसारी के पुत्र हैं.

प्राप्त जानकारी के अनुसार कलीम अंसारी किसी कार्य से ट्रेन से यात्रा कर रहे थे. इसी दौरान कांड्रा क्षेत्र में असंतुलित होकर चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजवाया, जहां उनका उपचार जारी है. अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.

