लोहरदगा: लोहरदगा जिला मुख्यालय स्थित नदिया हिंदू प्लस टू उच्च विद्यालय के मिनी स्टेडियम मैदान में लोहरदगा प्रीमियर लीग फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ. टूर्नामेंट का उद्घाटन लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत ने कबूतर उड़ाकर किया. इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया.


टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं. इनमें लोहरदगा टाउन, लोहरदगा प्रखंड, किस्को, सेन्हा, कैरो, भंडरा, पेशरार और कुडू की टीमें शामिल हैं. प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला सेन्हा और किस्को की टीमों के बीच खेला गया.
युवाओं को बेहतर मंच देने की जरूरत : सुखदेव भगत
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि लोहरदगा की धरती फुटबॉल के लिए प्रसिद्ध है. यहां के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. जरूरत है कि उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए उचित मंच और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं.

उन्होंने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है. साथ ही वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर खेल के प्रति जागरूक होते हैं. उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट का आयोजन फीफा के नियमों के अनुरूप किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को पेशेवर फुटबॉल की बारीकियों को समझने का अवसर मिलेगा.
सांसद ने उम्मीद जताई कि लोहरदगा से निकलने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ी आने वाले समय में रांची ही नहीं, बल्कि झारखंड की टीम का भी प्रतिनिधित्व करेंगे. भविष्य में ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और उचित मंच उपलब्ध कराने के लिए सरकार एवं संगठन को मिलकर प्रयास करना चाहिए.
गाजे-बाजे के साथ हुआ अतिथियों और टीमों का स्वागत
कार्यक्रम से पूर्व सांसद सुखदेव भगत सहित अन्य अतिथियों का गाजे-बाजे के साथ स्वागत करते हुए उन्हें मंच तक लाया गया. वहीं, सभी प्रखंडों की टीमों ने भी पूरे उत्साह के साथ गाजे-बाजे के बीच मैदान में प्रवेश किया. मंच पर सांसद समेत सभी अतिथियों का बुके और सरना पट्टा देकर स्वागत किया गया.
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष अभिनव सिद्धार्थ भगत, सचिव साजिद अहमद चंगू, झारखंड युवा आयोग के अध्यक्ष कुमार गौरव, अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू, झारखंड राज्य कृषि विपणन पर्षद के सदस्य रविन्द्र सिंह, शशिभूषण राय, अजय शर्मा, विजय साहू, दिनेश अग्रवाल, सत्यजीत सिंह, शाश्वत सिद्धार्थ, वारिस कुरैशी, अनुपमा भगत, अंजली टोप्पो, आलोक कुमार साहू, शाहिद अहमद बेलू, कुणाल अभिषेक, प्रखंड सांसद प्रतिनिधि समीद अंसारी, विजय चौहान, राधेश्याम साहू, दयानंद उरांव, नंदकिशोर शुक्ला, अनवर अंसारी, शोनू कुरैशी, प्रदेश कांग्रेस सचिव इमरान आजाद, तारिक अंसारी और बरही जिला युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष गुलाम जिलानी समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.
कार्यक्रम में फुटबॉल संघ के अध्यक्ष, आयोजन समिति के सदस्य, सैकड़ों खेल प्रेमी और स्थानीय ग्रामीणों ने भी हिस्सा लिया.

