जामताड़ा: जामताड़ा-करमाटांड़ मुख्य मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर जाम कर दिया. इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया.


हादसे में एक की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल दोनों मोटरसाइकिलों के नंबर जेएच 21 पी 5229 और जेएच 21 एन 8407 हैं. हादसे में कांसीटांड़ गांव निवासी पिंटू रवानी (पिता शंकर रवानी) की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जाता है कि पिंटू रवानी जिस मोटरसाइकिल पर सवार थे, उसे रातनोडीह निवासी राजेंद्र कुमार चला रहा था. वहीं, दूसरी मोटरसाइकिल पर बबुआ अंसारी और अनीशा खातून सवार थे.

दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलने पर जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र मंडल मौके पर पहुंचे. घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्होंने तत्परता दिखाते हुए अपने निजी वाहन से तीनों घायलों को सदर अस्पताल, जामताड़ा पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया.
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
युवक की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर आवागमन ठप कर दिया. सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद सामान्य हुआ आवागमन
घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और करमाटांड़ के अंचल अधिकारी चोनाराम हेंब्रम घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया. इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम हटा लिया, जिससे यातायात सामान्य हो सका.
वहीं, पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जामताड़ा भेज दिया. घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

