
जामताड़ा. जिले के बिंदापाथर थाना क्षेत्र अंतर्गत चरकादाहा गांव में बुधवार देर रात आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा उस समय हुआ जब सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे.


मृतकों की पहचान 50 वर्षीय विनय सोरेन और 17 वर्षीय विश्वकर्मा टुडू के रूप में हुई है. वहीं शिवधान टुडू और राकेश मुर्मू गंभीर रूप से झुलस गए हैं. दोनों घायलों का इलाज जामताड़ा सदर अस्पताल में चल रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चरकादाहा गांव में एक शादी समारोह आयोजित था. समारोह के दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई. बारिश और तेज हवाओं से बचने के लिए चारों लोग पास स्थित एक मिट्टी के घर की ओट में खड़े हो गए.
इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ उस घर पर आकाशीय बिजली गिर गई. वज्रपात इतना भीषण था कि विनय सोरेन और विश्वकर्मा टुडू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवधान टुडू और राकेश मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की सहायता से सभी को तत्काल जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायलों का उपचार जारी है. चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है.
इस दर्दनाक हादसे के बाद शादी वाले घर की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






