लोहरदगा: अंजुमन इस्लामिया लोहरदगा की निगरानी में होने वाले अंजुमन इस्लामिया चंडू (कुड़ू) के चुनाव की प्रक्रिया तेज हो गई है. चुनाव की तैयारियों के तहत चंडू पंचायत के करीब 230 घरों का सर्वे कर अब तक 530 मतदाताओं को चिह्नित करते हुए मतदाता सूची तैयार की गई है. इस अभियान में स्थानीय युवाओं ने घर-घर जाकर जानकारी जुटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.


अंजुमन इस्लामिया लोहरदगा के सदर अब्दुल रऊफ अंसारी, सदस्य अब्दुल मोहेमीन बबन और सेराज अंसारी सहित अन्य लोगों की मौजूदगी में आयोजित बैठक में मतदाता सूची और चुनाव की आगे की प्रक्रिया पर चर्चा की गई.
आज शाम 7 बजे तक जुड़वा सकेंगे छूटा नाम
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिन योग्य मतदाताओं का नाम तैयार सूची में छूट गया है, वे 8 नवंबर को शाम 7 बजे तक चुनाव कार्यालय पहुंचकर अपना नाम दर्ज करा सकते हैं. इसके बाद मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा. अंतिम सूची तैयार होने के बाद नामांकन कार्यक्रम और मतदान की तारीख की आधिकारिक घोषणा की जाएगी.

अब्दुल रऊफ अंसारी ने कहा कि चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्राथमिकता है. प्रयास है कि कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित नहीं रहे. उन्होंने लोगों से समय सीमा के भीतर सूची में अपने नाम की जांच करने की अपील की.
घर-घर पहुंचे युवा, 230 मकानों का किया सर्वे
मतदाता सूची तैयार करने के अभियान में स्थानीय युवाओं की टीम ने करीब 230 मकानों तक पहुंचकर मतदाताओं की जानकारी जुटाई. सदर हाजी जियाउल रहमान के नेतृत्व में खुर्शीद अंसारी, एजाजुल अंसारी, दानिश कमर, रैयान उर्फ राजू, इनुश अंसारी, मुशर्रफ अंसारी, नवाज खान, तालिब अंसारी, तफजूल मौलाना, जैद अंसारी, कुद्दुस अंसारी, सहवेज खान, रिजवान खान, रहमूल अंसारी और उमर अंसारी सहित अन्य युवाओं ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई. अब मतदाता सूची को अंतिम रूप दिए जाने के साथ ही लोगों की निगाह नामांकन और चुनाव की तारीख की घोषणा पर टिकी है.

