जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के रघुवर मार्केट में शनिवार शाम अचानक आग लगने से चार दुकानें जलकर खाक हो गईं. इस घटना में करीब 10 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मार्केट के समीप कचरे के ढेर में लगी आग से उठी चिंगारी दुकानों तक पहुंच गई, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया.


बताया जाता है कि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में फुटपाथी दुकानदारों को पुनर्वासित करने के उद्देश्य से इस मार्केट का निर्माण कराया गया था. वर्ष 2017 में स्थापित इस बाजार में दुकानदारों ने दीपावली के मद्देनजर अपनी दुकानों में बड़ी मात्रा में सामान और पूंजी लगा रखी थी. ऐसे में अचानक आग लगने से दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है.

आग की लपटें उठते ही मार्केट और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और आग बुझाने में जुट गए. लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोकने में मदद मिली.
घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है. दीपावली के त्योहार को लेकर दुकानों में रखे गए सामान के जलने से दुकानदारों में मायूसी और चिंता का माहौल है.
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों और वास्तविक नुकसान का आधिकारिक आकलन सामने नहीं आया है. दुकानदारों ने हुए नुकसान के मद्देनजर प्रशासन से उचित सहायता की उम्मीद जताई है.

