लातेहार: झारखंड पुलिस के “नई दिशा” अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है. जहां जेजेएमपी. संगठन के 5 लाख रुपये के इनामी सबजोनल कमिटी सदस्य सुरेन्द्र लोहरा उर्फ विनोद लोहरा ने आत्मसमर्पण कर दिया है. यह सरेंडर झारखंड सरकार की उग्रवादी आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत किया गया.

आत्मसमर्पण कार्यक्रम पुलिस सभागार में आयोजित किया गया, जहां पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, सीआरपीएफ 11 बटालियन के समादेष्टा याद राम बुनकर और पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव की मौजूदगी में उग्रवादी ने मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “नई दिशा” अभियान के माध्यम से उग्रवादियों को समाज की मुख्यधारा में जोड़ने का प्रयास लगातार जारी है. सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले उग्रवादियों को आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण और पुनर्वास की सुविधा दी जाती है.
इस आत्मसमर्पण को क्षेत्र में शांति और सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. पुलिस का कहना है कि आने वाले समय में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि उग्रवाद की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके.

