जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. मिली जानकारी के अनुसार 1 अप्रैल की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दोमुहानी पुल के पास ब्राउन शुगर की खरीद- बिक्री की जा रही है.

सूचना के आधार पर सीसीआर डीएसपी के निर्देश पर छापेमारी टीम का गठन किया गया और मौके पर कार्रवाई की गई. छापेमारी के दौरान एक महिला और तीन युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया. तलाशी के दौरान कुल 43 पुड़िया ब्राउन शुगर और करीब 6000 रुपये नकद बरामद किए गए. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लंबे समय से नशे के कारोबार से जुड़े हुए थे और हाल के दिनों में इनका एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें ये नशा बेचते नजर आ रहे थे.
गिरफ्तार आरोपियों में भारती केवट (40 वर्ष), विशाल केवट (20 वर्ष), रिशु साहू (29 वर्ष) और कुमार बहादुर (32 वर्ष) शामिल हैं. पुलिस ने सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इस पूरी कार्रवाई की जानकारी गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीसीआर डीएसपी मनोज कुमार ठाकुर ने दी. उन्होंने कहा कि शहर में नशा कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

