खूंटपानी: प्रखंड के पुरूनिया गांव में शहीद स्व. शिवचरण होनहागा की 31वीं पुण्यतिथि पर आयोजित तीन दिवसीय मुंडा स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हुआ. प्रतियोगिता में आसपास के गांवों की कुल 48 टीमों ने हिस्सा लिया.


फाइनल मुकाबले में कोल्हान बेंगोल बींज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया. विजेता टीम को 40 हजार रुपये नकद और एक खस्सी दिया गया. वहीं उपविजेता एनवाईएस मौदी को 30 हजार रुपये और एक खस्सी देकर सम्मानित किया गया.
तीसरे स्थान पर रही एबीसी पुरूनिया को 20 हजार रुपये, जबकि चौथे स्थान पर रही बानरा स्पोर्टिंग क्लब बुरूजोल को पांच हजार रुपये नकद के साथ पुरस्कार दिया गया. पांचवें और छठे स्थान की टीमों को भी नगद पुरस्कार प्रदान किए गए. 40 वर्ष से अधिक उम्र के खिलाड़ियों के लिए अलग मुकाबले भी आयोजित किए गए.

समापन समारोह में मुख्य अतिथि खरसावां विधायक दशरथ गागराई की पत्नी एवं समाजसेवी बासंती गागराई ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है. खिलाड़ियों को सही मंच और प्रोत्साहन मिले तो वे बड़े स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं. उन्होंने युवाओं से अनुशासन और मेहनत के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की.
मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष बबलू गोडसोरा, अशोक मुंडरी, अर्जुन हेम्ब्रम, राजकुमार पान, सतीश पुरती, सिनी होनहागा, मानकी होनहागा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेलप्रेमी मौजूद रहे.

