खूंटपानी: प्रखंड के दोपाई पंचायत के मुखिया धर्मेंद्र बोदरा के आकस्मिक निधन की सूचना पर खरसावां विधायक दशरथ गागराई की धर्मपत्नी सह समाजसेवी बासंती गागराई सोमवार को उनके पैतृक आवास पहुंचीं. उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और गहरी संवेदना व्यक्त की.


बासंती गागराई ने दिवंगत धर्मेंद्र बोदरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र बोदरा मिलनसार, कर्मठ और जनहित के प्रति समर्पित जनप्रतिनिधि थे. वे आम लोगों की समस्याओं के समाधान और पंचायत के विकास के लिए हमेशा सक्रिय रहते थे. उनके निधन से दोपाई पंचायत के साथ पूरे क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है.
उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा समाज शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की. इस दौरान प्रखंड अध्यक्ष बबलू गोडसरा, सतीश पुरती सहित परिवार के सदस्य एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे.

