बोकारो: स्टील सिटी थाना क्षेत्र के बीएसएल एलएच स्ट्रीट-14 स्थित एक आवास में शनिवार देर शाम अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा- तफरी मच गई. आग की चपेट में आने से घर के अंदर मौजूद दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए. घायलों की पहचान महबूब आलम और भाना झा के रूप में हुई है.

घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) पहुंचाया गया. चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया. आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस चुके थे.
आग लगने के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है. प्रारंभिक स्तर पर शॉर्ट सर्किट अथवा खाना बनाने के दौरान आग लगने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी सामने आई है कि कमरे में बड़ी मात्रा में डीजल और पेट्रोल रखा गया था, जिसके कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. हालांकि इस संबंध में पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. प्रशासनिक जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
स्थानीय लोग फिलहाल इस मामले में खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं. वहीं पुलिस आग लगने के सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. लोगों ने आवासीय क्षेत्रों में ज्वलनशील पदार्थों के भंडारण पर निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



