
खूंटी: जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. हथियार बरामदगी के लिए जंगल ले जाए गए पीएलएफआई के हार्डकोर उग्रवादी ने पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई. घायल उग्रवादी को गिरफ्तार कर इलाज के लिए रिम्स भेजा गया है.


खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि हार्डकोर उग्रवादी श्रवण दास को शनिवार को गिरफ्तार किया गया था. पूछताछ में उसने जरियागढ़ थाना क्षेत्र के तिलमी जंगल में हथियार छिपाकर रखने की जानकारी दी. इसके बाद रविवार सुबह पुलिस टीम उसे हथियार बरामद कराने के लिए जंगल लेकर पहुंची.

उग्रवादी की निशानदेही पर पुलिस ने दो हथियार और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए. इसी दौरान श्रवण दास ने अचानक एक सब-इंस्पेक्टर का हथियार छीन लिया और फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भागने लगा. पुलिस ने पहले उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसके नहीं रुकने और फायरिंग की कोशिश के बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई. इस कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और जवानों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया.
एसपी ने बताया कि अभियान के दौरान श्रवण दास के छह अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया. इस तरह पूरे ऑपरेशन में कुल सात पीएलएफआई उग्रवादी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं.
पुलिस ने जंगल से हथियार, कारतूस और पीएलएफआई संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए हैं. बरामद सामग्री के आधार पर संगठन के नेटवर्क और अन्य सदस्यों की तलाश जारी है. तिलमी जंगल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन लगातार चल रहा है.
Edited By Sarita


