सरायकेला/ Pramod Singh आगामी रामनवमी पर्व को लेकर खरसावां पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. इसी क्रम में थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में बुधवार को फ्लैग मार्च निकाला गया.

इस फ्लैग मार्च में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान समेत पुलिस बल के जवान शामिल रहे. मार्च खरसावां थाना क्षेत्र के नीचे बाजार से शुरू होकर बेहरसाई मस्जिद, चांदनी चौक होते हुए भट्टी चौक तक निकाला गया.
फ्लैग मार्च का उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना था. इस दौरान पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे रामनवमी पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं.
थाना प्रभारी गौरव कुमार ने कहा कि पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों से बचने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की.
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है. संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो.

