हजारीबाग: जिले में पत्रकार सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. गोरहर थाना क्षेत्र के बेलकप्पी निवासी पत्रकार पियूष पांडेय और उनके पिता संजय पाण्डेय पर सूर्यकुंड धाम परिसर में जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है.

पीड़ित संजय पाण्डेय ने गोरहर थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. आवेदन के अनुसार बेलकप्पी निवासी अश्विनी पाण्डेय और सुमित पाण्डेय ने अचानक हमला कर दिया. आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड और लाठी से वार कर दोनों पिता-पुत्र को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे वे लहूलुहान हो गए.
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है. पत्रकार पियूष पाण्डेय का कहना है कि आरोपी पहले से ही साइबर अपराध और चोरी- ठगी जैसे मामलों में संलिप्त रहे हैं. उन्होंने आशंका जताई कि हाल ही में पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए बुलाए जाने के बाद आरोपियों को शक हुआ कि उन्होंने सूचना दी है. इसी संदेह में उन्हें बहाने से बुलाकर जान से मारने की नीयत से हमला किया गया.
इस घटना ने जिले में कानून- व्यवस्था और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई की बात कही जा रही है.

