चांडिल: अनुमंडल के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में हल्की बारिश ने ही सड़क व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी है. मल्लिक स्टोर के समीप स्थित मुख्य सड़क पर जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है.

यह सड़क कपाली से तमोलिया होते हुए पारडीह तक जाने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं. बारिश के बाद सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि पूरा रास्ता तालाब में तब्दील हो गया है. लोगों को चलने-फिरने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सबसे चिंताजनक बात यह है कि इसी मार्ग से एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाएं भी गुजरती हैं. ऐसे में जलजमाव के कारण इन सेवाओं की आवाजाही प्रभावित होना किसी भी समय गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है.

स्कूल और ट्यूशन जाने वाले बच्चे, महिलाएं और रोजाना काम पर जाने वाले लोग इस समस्या से सबसे अधिक प्रभावित हैं. पानी से भरे गड्ढों के कारण फिसलने और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में यही हालात बनते हैं, लेकिन अब तक न तो जनप्रतिनिधियों ने ध्यान दिया और न ही संबंधित विभाग ने कोई ठोस कदम उठाया है. तस्वीरों में सड़क की दयनीय स्थिति साफ नजर आ रही है, जिससे लोगों की परेशानी का अंदाजा लगाया जा सकता है. क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके.
Report by Afroz Mallik

