जमशेदपुर: साकची थाना में वर्ष 2019 में दर्ज एक चर्चित मामले में काशिफ रज़ा सिद्दीकी को अदालत से बड़ी राहत मिली है. करीब 6 वर्षों तक चले इस मुकदमे में न्यायालय ने उन्हें बाइज्जत बरी कर दिया.

जानकारी के अनुसार, फरवरी 2019 में साकची स्थित आमबगान मैदान में आयोजित “संविधान बचाओ, देश बचाओ” कार्यक्रम के बाद प्रशासन द्वारा विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था, जिसमें काशिफ रज़ा सिद्दीकी को भी आरोपी बनाया गया था. मामले के दौरान उन्हें झारखंड हाई कोर्ट से सशर्त जमानत मिली थी. अदालत ने उनके देश से बाहर जाने पर रोक लगा दी थी और पासपोर्ट भी जब्त कर लिया गया था. लंबे समय तक चले इस कानूनी संघर्ष में उन्हें कई शर्तों का पालन करना पड़ा.
करीब छह साल तक चली सुनवाई के बाद न्यायालय ने सभी साक्ष्यों और तथ्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें बाइज्जत बरी कर दिया. इस फैसले के बाद समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है. जगह- जगह इसे न्याय की जीत बताते हुए जश्न मनाया गया.
फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए काशिफ रज़ा सिद्दीकी ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा था और आज सच्चाई की जीत हुई है. उन्होंने कहा कि यह फैसला उन सभी लोगों के लिए संदेश है, जो सच्चाई के साथ खड़े रहते हैं. इस निर्णय को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है. कई लोगों ने इसे न्यायिक प्रक्रिया में विश्वास को मजबूत करने वाला फैसला बताया है.

