जमशेदपुर: बर्मामाइंस स्थित मिल एंड गोदाम एरिया में मंगलवार तड़के एक लकड़ी के गोदाम में अचानक आग लगने से अफरा- तफरी मच गई. यह गोदाम इम्तियाज़ खान का बताया जा रहा है.

घटना सुबह करीब 4 बजे की है, जब गोदाम में तैनात गार्ड की नजर धुएं और आग की लपटों पर पड़ी. गार्ड ने तत्काल मालिक को सूचना दी, जिसके बाद गोदाम से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे. हालांकि तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी और उसे नियंत्रित करना मुश्किल हो गया था.
स्थिति को देखते हुए अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई. मौके पर टाटा स्टील की फायर ब्रिगेड और झारखंड अग्निशमन विभाग की टीम पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लकड़ी के बोटों तक ही सीमित रही और गोदाम में मौजूद मशीनों को नुकसान नहीं पहुंचा. हालांकि कुल क्षति का आकलन अभी नहीं हो सका है.
मौके पर मौजूद अनिकेत ने बताया कि इस तरह की घटना पहली बार हुई है. फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है.

