कांड्रा: सरायकेला- खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिंड्राबेड़ा मोड़ पर शनिवार सुबह यात्रियों से भरा एक ऑटो (JH 05DM 6241) पिकअप वैन से टकराकर पलट गया. हादसे में ऑटो सवार लगभग सभी यात्रियों को चोटें आईं, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई.



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद ऑटो चालक घायलों को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर पहुंचे तथा राहत कार्य शुरू किया. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा.

बताया जा रहा है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही एक अन्य ऑटो चालक दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को वहां से हटा ले गया. बाद में कांड्रा थाना पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी.
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. साथ ही फरार ऑटो चालक की तलाश भी तेज कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय





