जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र के घोड़ाबांधा मोड़ पर शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे नशे में धुत युवकों के दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और देखते ही देखते चापड़ व लोहे के पाइप से हमला शुरू हो गया. इस खूनी संघर्ष में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला भी हमले का शिकार बन गई.



प्राप्त जानकारी के अनुसार घोड़ाबांधा मोड़ पर किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ था. देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. आरोप है कि एक गुट ने चापड़ निकालकर दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया. इस हमले में विष्णु सिंह सरदार और राहुल सरदार गंभीर रूप से घायल हो गए.
इसी दौरान विष्णु सिंह सरदार की पत्नी अपने पति को बचाने और झगड़ा शांत कराने पहुंचीं, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी लोहे के पाइप से हमला कर दिया. हमले में महिला को भी गंभीर चोटें आईं.
घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई. सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल भेजा. चिकित्सकों के अनुसार तीनों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी नीग्रो को गिरफ्तार कर लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है. वहीं अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है. एहतियात के तौर पर पुलिस क्षेत्र में नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति एवं कानून- व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है.





