राजनगर: प्रखंड अंतर्गत पांडुगिती में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ. प्रतियोगिता में कुल 48 टीमों ने भाग लिया. पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया.



समापन समारोह में झामुमो के केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के एवं झामुमो नेता कालीपद सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है. ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताओं से प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है.

प्रतियोगिता में SKMC टेलायडुगरी (राजनगर) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया. सोरेन सिपाही की टीम उपविजेता रही, जबकि केबीसी बुरूडीह ने तीसरा स्थान हासिल किया. वहीं रिमझिम स्पोर्टिंग को पांचवां पुरस्कार प्रदान किया गया.
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में आयोजन समिति और स्थानीय ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया. पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना, अनुशासन और उत्साह का माहौल देखने को मिला.





