चांडिल: चांडिल प्रखंड के चांदुडीह में बाबा कार्तिक उरांव की जयंती के अवसर पर ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान उन्होंने बाबा कार्तिक उरांव के जीवन, विचारों और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए किए गए उनके उल्लेखनीय कार्यों को याद किया.


विधायक सविता महतो ने कहा कि स्वर्गीय बाबा कार्तिक उरांव ने लंदन और ग्लास्गो में इंजीनियरिंग एवं बैरिस्टर की पढ़ाई करने के बाद देश लौटकर आदिवासी समाज के विकास और उत्थान के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया. भारत सरकार में केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा और उनके सामाजिक विकास के लिए निरंतर प्रयास किए.

उन्होंने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव ने अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद के संस्थापक एवं केंद्रीय अध्यक्ष के रूप में आदिवासी समाज के साथ-साथ दबे-कुचले और वंचित वर्गों को एकजुट करने का काम किया. उन्होंने लोगों को उनके हक और अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए सामाजिक एकता, शिक्षा और विकास का संदेश दिया.
विधायक ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव का जीवन संघर्ष, समर्पण और समाज सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण है. उनके आदर्शों और विचारों को आत्मसात कर ही समाज को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है. आज जरूरत है कि नई पीढ़ी उनके बताए मार्ग पर चलकर सामाजिक एकता को मजबूत करे और समाज के सर्वांगीण विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे.
इस अवसर पर झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, निताई उरांव, चौका पंचायत के मुखिया कुनाराम मांझी सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

