जामताड़ा: राहुल गांधी के आह्वान पर दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जामताड़ा जिले से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जत्था गुरुवार को दिल्ली रवाना हुआ. राज्य के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कांग्रेस का झंडा दिखाकर दो बसों को रवाना किया. इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे. दिल्ली रवाना होने के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला.


मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राहुल गांधी के आह्वान पर देश के विभिन्न हिस्सों से कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक दिल्ली पहुंच रहे हैं. इसी कड़ी में जामताड़ा से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रवाना हुए हैं. उन्होंने बताया कि फिलहाल दो बसों को रवाना किया गया है. इसके अलावा कई कार्यकर्ता छोटी गाड़ियों, ट्रेन और हवाई जहाज से भी दिल्ली पहुंचेंगे. उन्होंने कहा कि देशहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता हर संभव माध्यम से दिल्ली पहुंच रहे हैं.
प्रधानमंत्री मोदी और चुनाव आयोग पर साधा निशाना
इस दौरान मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में आपातकाल जैसी स्थिति पैदा की जा रही है. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि उनके रहते निष्पक्ष चुनाव कराना संभव नहीं है. मंत्री ने दावा किया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर जनता में नाराजगी है.
उन्होंने कहा कि किसान, आम नागरिक और समाज के विभिन्न वर्ग सरकार की नीतियों से असंतुष्ट हैं. मंत्री ने केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता का मुद्दा उठाया. उनके बयानों से राजनीतिक माहौल में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला एक बार फिर चर्चा में आ गया.
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
दिल्ली रवाना होने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा. कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर पार्टी के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे. इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का संदेश दिया.
मौके पर अजहरुद्दीन अंसारी, बीरबल अंसारी, निशापति हांसदा, ब्लू चक्रवर्ती समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

