कांड्रा: रामकृष्ण फाउंडेशन के तत्वावधान एवं वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन, जमशेदपुर के सहयोग से रामकृष्ण फोर्जिंग्स लिमिटेड, प्लांट 5 परिसर में रविवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का शुभारंभ कंपनी के प्रतिनिधि शक्तिपद सेनापति ने दीप प्रज्वलित कर किया.


शिविर में कंपनी के कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया. वहीं रक्तदान शिविर की जानकारी मिलने के बाद कंपनी के गेट के बाहर अपना व्यवसाय करने वाले कुछ स्थानीय व्यवसायी भी इस नेक पहल का हिस्सा बनने के लिए कंपनी परिसर के अंदर पहुंचे और स्वेच्छा से रक्तदान किया.
बाहरी व्यवसायियों का कहना था कि कंपनी परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर में उन्हें रक्तदान करने का अवसर मिला, यह उनके लिए गर्व और संतोष की बात है. उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि जरूरत के समय किसी अनजान व्यक्ति का जीवन बचाने के लिए किया जाता है. ऐसे सामाजिक और मानवीय कार्यों में सभी को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए.

आयोजकों ने कहा कि रक्तदान के प्रति लोगों में बढ़ती जागरूकता और सामाजिक सहभागिता बेहद सकारात्मक संकेत है. कंपनी के कर्मचारियों के साथ-साथ परिसर के बाहर व्यवसाय करने वाले लोगों का भी रक्तदान के लिए आगे आना इस बात को दर्शाता है कि मानव सेवा की भावना किसी सीमा या दायरे में बंधी नहीं होती.

शिविर के दौरान रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच के बाद रक्त संग्रह किया गया. रक्तदान करने वाले लोगों को आयोजकों की ओर से प्रोत्साहित किया गया तथा रक्तदान के महत्व की जानकारी दी गई.

वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन, जमशेदपुर की टीम ने रक्त संग्रह एवं चिकित्सा प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में सहयोग किया. रामकृष्ण फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि सामाजिक सरोकारों के तहत भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे. कार्यक्रम में कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी, रामकृष्ण फाउंडेशन के सदस्य, वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा कंपनी गेट के बाहर व्यवसाय करने वाले कई लोग मौजूद रहे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

