खूँटी, संवाददाता: खूँटी के नीचे चौक पर सड़क के बीचों-बीच बने बड़े और गहरे गड्ढे से दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है. इस समस्या को लेकर विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल के जिला संयोजक कर्मवीर महतो ने उपायुक्त कार्यालय, खूँटी में ज्ञापन सौंपकर सड़क की अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है. उन्होंने दीपावली से पहले गड्ढे की मरम्मत कराकर आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है.


ज्ञापन के माध्यम से कर्मवीर महतो ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि नीचे चौक से प्रतिदिन भारी वाहनों सहित बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है. सड़क के बीचों-बीच गहरा गड्ढा होने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. विशेषकर वाहनों के मुड़ने के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. रात के समय कम रोशनी में गड्ढा स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देने के कारण हादसे का खतरा और बढ़ जाता है.
उन्होंने कहा कि दीपावली के अवसर पर बाजार में लोगों की आवाजाही और वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है. ऐसे में यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है. जनहित और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को इस समस्या पर तत्काल संज्ञान लेने की आवश्यकता है.
कर्मवीर महतो ने जिला प्रशासन से मांग की कि संबंधित विभाग को निर्देश देकर गड्ढे की अविलंब मरम्मत कराई जाए. साथ ही, मरम्मत होने तक संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उचित चेतावनी संकेतक लगाने और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि वाहन चालकों एवं राहगीरों को खतरे के प्रति सतर्क किया जा सके.
इस अवसर पर अनुराज बरदियार, सुदान टूटी, सत्यम कुमार एवं कृष साहू उपस्थित थे. विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल ने जिला प्रशासन से जनहित से जुड़ी इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है.

