झाड़ग्राम: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने रविवार को पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में आयोजित विधानसभा चुनाव को लेकर एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक में भाग लिया. इस बैठक में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, झारखंड के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी सहित संगठन के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे.

बैठक के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई.
इस अवसर पर अर्जुन मुंडा ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता, अनुशासन और समर्पण ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन- जन तक पहुंचाएं और आम जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें. उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर आगामी चुनावों में पार्टी को व्यापक समर्थन मिलेगा.

